बेगूसराय में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक मजदूर की जान पर भारी पड़ गई. यहां करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिरा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना नावकोठी थाना क्षेत्र के सिसौनी गांव की है. मृतक की पहचान गांव निवासी मोहम्मद शाहिद के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, शाहिद रोज की तरह सुबह मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान रास्ते में पहले से टूटा हुआ बिजली का तार पड़ा था, जिसे वह देख नहीं सके और उसकी चपेट में आ गए. करंट लगते ही वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े.
आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से बिजली का तार जर्जर था और इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन बिजली विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की. उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण ही मोहम्मद शाहिद की जान गई है.
घटना की सूचना मिलते ही नावकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. वहीं, परिजन दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं, परिजनों के आरोपों के बाद बिजली विभाग की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है. अब देखना होगा कि जांच के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई होती है.
.jpg)