समस्तीपुर जिले में इन दिनों अपराधियों के हौसले काफी बुलंद नजर आ रहे हैं. ताजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्ड स्टोरेज चौक स्थित बदमाशों ने किराना दुकानदार को गोली मारकर जख्मी कर दिया. जख्मी की पहचान बंगरा थाना क्षेत्र के कोठिया निवासी नरेश चौधरी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर रहा था, उसी समय अपराधियों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया. जख्मी हालत में उसे समस्तीपुर की एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक, नरेश चौधरी जब अपनी दुकान बंद कर रहा था, तभी करीब सात बदमाश उसके पास आए और पिस्टल के बल पर मोबाइल व पैसा छीनने की कोशिश करने लगे. लूटपाट का विरोध करना नरेश को भारी पड़ गया. विरोध करने पर बदमाशों ने नरेश को गोली मार दी है और घटनास्थल से फरार हो गए. हालांकि, भागने के दौरान अपराधियों की एक अपाचे बाइक घटनास्थल पर ही छूट गई. वही, घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
उधर, दूसरी ओर मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र पतसिया गांव में एक सनकी युवक ने शौच के लिए गए एक अधेड़ को बेरहमी से गला रेत कर हत्या कर दी. इतना ही नहीं आरोपी मौके पर खड़ा रहा और चाकू दिखाकर ग्रामीणों को धमकाता रहा. गांव वालों ने बड़ी जद्दोजहद के बाद घायल घुवक को उसके चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के घाट टोल निवासी दामोदर शर्मा के रूप में हुई है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.
बताया जा रहा है कि दामोदर शर्मा, गंगा किनारे कछार क्षेत्र में शौच के लिए गए हुए थे. इसी दौरान गांव के ही एक सनकी ने उन पर बकरा काटने वाले धारदार हथियार से हमला कर दिया. आरोपी ने धारदार हथियार से तीन जगहों पर वार किया. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दामोदर शर्मा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने गंभीर स्थिति देख उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक दामोदर शर्मा की बहू ने बताया कि वह शौच के लिए निकले थे, तभी गांव के ही एक युवक ने उनका गला रेत दिया. घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. शव को समस्तीपुर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
