पटना के कोचिंग हब कदमकुआं में स्थित खान ग्लोबल स्डटी पर कथित तौर पर हुए हमले की जांच तेज हो गई है. इस घटना से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद खान सर खुद पुलिस के लपेटे में आ गए हैं. वायरल वीडियो में खान सर के गार्ड ही फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसके बाद पटना पुलिस ने खान सर के दो गार्ड को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने खान सर से भी पूछताछ की है और अब उन पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है.
पटना पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक खान सर के कोचिंग सेंटर पर फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में गोली चलने जैसा कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला. खान सर पर आरोप लग रहे हैं कि उन्होंने खुद ही इस हमले की स्क्रिप्ट तैयार की थी. गुरु रहमान समेत कुछ अन्य कोचिंग संचालकों ने आरोप लगाया कि खान सर ने सिपाही भर्ती परीक्षा में झूठे आंकड़े देकर अपनी कोचिंग संस्थान को प्रमोट करने की कोशिश की, लेकिन जब उनकी पोल खुलने लगी तो उन्होंने यह ड्रामा रचा.
बता दें कि खान सर की कोचिंग सेंटर पर 2 जून की रात करीब 10 बजे कथित रूप से हमला हुआ. खान सर के मुताबिक, घटना के वक्त वह कोचिंग सेंटर में ही मौजूद थे और ऑनलाइन क्लास दे रहे थे. पहले खान सर ने अपने बयान में फायरिंग की बात कही थी, लेकिन बाद में अपने बयान से पलट गए. पुलिस ने भी साफ कर दिया कि गोलियां नहीं चली थीं. खान सर ने आरोप लगाया है कि पास के ही एक कोचिंग संचालक की तरफ से उन्हें धमकी दी गई थी. इस पूरे मामले में खान सर के कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ हुई है और सिक्योरिटी गार्ड को भी चोट लगी है.
