नवादा में जमीन पर खाना बनाने को लेकर विवाद, दबंगों ने परिवार को बेरहमी से पीटा, एक की हालत नाजुक

News Ranchi Mail
0

                                                                          


बिहार के नवादा जिले के पकरीबरावां प्रखंड के अमन बाग मोहल्ले में अपनी ही जमीन पर खाना बनाने को लेकर हुए छोटे से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. विवाद के दौरान एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया. हमले में मोहम्मद असगर इब्राहिम की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें 5-6 लोगों का झुंड परिवार पर हमला करता दिखाई दे रहा है.

घटना के समय मोहम्मद जमशेद और उनके परिवार के सदस्य घर के पास अपनी जमीन पर काम कर रहे थे. इसी दौरान पड़ोस के कुछ युवक वहां पहुंचे और लाठियों-डंडों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में मोहम्मद जमशेद, मोहम्मद असगर इब्राहिम, हसीना खातून, रेशमा खातून और शबाना खातून घायल हो गए. सबसे अधिक चोट मोहम्मद असगर इब्राहिम को लगी है। उनके सिर पर गहरी चोट आई है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. सभी घायलों को नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि हमलावरों का झुंड परिवार के सदस्यों को बेरहमी से पीट रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है. घायल परिवार ने थाने में लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है. वहीं, हसीना खातून ने भी थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा है.

मामले को लेकर SDPO सुजय कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर सभी हमलावरों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है और पुलिस-प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी निर्दोष परिवार के साथ ऐसी घटना न हो.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !