बिहार के बेतिया में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव गन्ने के खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मामला शिकारपुर थाना क्षेत्र के अमवा टोला गांव का है, जहां बीती देर रात पुलिस ने एक नाबालिग लड़की का शव बरामद किया था. बाद मे उस शव की पहचान खुशी कुमारी के रूप में हुई. खुशी के परिजनों ने उसकी पहचान की. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
मृतका की मां अमृता देवी ने बताया कि 20 जून को खुशी कुमारी अपनी सहेली पुनिता कुमारी के बुलाने पर घर से निकली थी. देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. परिजनों ने पुनिता के घर जाकर भी पूछताछ की, लेकिन खुशी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद शिकारपुर थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई.
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के एक दिन बाद ही खुशी का शव गांव के समीप गन्ने के खेत से बरामद हुआ. शव मिलने की सुचना पर शिकारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है.
पुलिस ने इस मामले में खुशी की सहेली पुनीता कुमारी समेत दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. SDPO जय प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. बेटी के मौत होने के बाद परिवार को रो-रोकर बुरा हाल है.
