नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया. दबंगों ने 42 वर्षीय अमरजीत केवट पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के बेटे शिवराज कुमार ने बताया कि पड़ोसी पक्ष से काफी दिनों से जमीन और रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में आरोपितों ने अमरजीत केवट पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिंद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक प्रदीप किशोर सिन्हा एवं थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के बेटे युवराज कुमार के आवेदन पर सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नरेश पासवान और मंटू पासवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
इससे पहले मंगलवार (28 जुलाई) को बेगूसराय जिले में जमीन विवाद को लेकर काफी हिंसा देखने को मिली थी. यहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों का दावा है कि 100 राउंड से अधिक गोलियां चलाई गईं, जिसमें चार लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. लोगों ने पुलिस के सामने ही दो बदमाशों को पकड़कर जमकर पीटा. घटना के बाद भारी पुलिस बल गांव में तैनात किया गया. अब हालात सामान्य बताए जा रहे हैं.
