बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं. बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को उसके ही घर के दरवाजे पर चढ़कर गोलियों से भूनने की कोशिश की. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से आराम से फरार हो गए, जबकि घायल युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.
घटना हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुतुबपुर डुमरी गांव की है. जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी अमरनाथ पासवान का 26 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार अपने घर के दरवाजे पर लेटकर मोबाइल चला रहा था. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग के दौरान राहुल कुमार की बाईं जांघ में एक गोली लग गई.
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों हमलावर फरार हो चुके थे. परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल राहुल कुमार को तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. वहीं नगर थाना पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंचकर घायल युवक और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है. पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने के साथ ही फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है. दिनदहाड़े घर के दरवाजे पर हुई इस गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
