कटिहार के बारसोई प्रखंड के बलतर पंचायत के राजस्व कर्मचारी का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में राजस्व कर्मचारी एक काले रंग की थैली लेते नजर आ रहे हैं. जिसमें 95 हजार रूपये मौजूद रहने की बात कही जा रही है. वायरल वीडियो में 5000 रूपये कम होने की बात कही जा रही है. शुक्रवार (24 जुलाई) को दिन भर पूरे बारसोई प्रखंड क्षेत्र में उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा. सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लोग इसे म्यूटेशन के नाम पर घूस लेने की बात कह रहे हैं.
वहीं, इस वायरल वीडियो के संबंध में सीओ बारसोई श्याम सुन्दर साहा ने कहा कि यह जांच का विषय है. अगर किसी के द्वारा शिकायत की जाती है तो मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी. मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में है. इस मामले का जांच के लिए टीम का गठन किया गया. गठित टीम को 24 घंटे जांच रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया. कटिहार के डीएम आशुतोष द्विवेदी ने टेलीफोन पर बताया कि जांच रिपोर्ट में अगर सत्यतता पायी जाएगी तो आगे की कार्रवाई के तहत आरोपी को निलंबित कर दिया जाएगा.
बता दें कि बारसोई प्रखंड वासियों की ओर से पहले भी दाखिल-खारिज के नाम पर मोटी राशि मांगे जाने की बात कही जाती रही है. पंचायत समिति की बैठक में भी यह मुद्दा उठा था. पिछले दिनों हुई पंचायत समिति की बैठक में विधायक संगीता देवी ने भी क्षेत्र में दाखिल-खारिज के नाम पर राजस्व कर्मचारी द्वारा घूस मांगे जाने की शिकायतों को लेकर चिंता जताई थी. उन्होंने कहा था कि उनके क्षेत्र में राजस्व कर्मचारियों और बिचौलियों के द्वारा क्षेत्र की भोली-भाली जनता से दाखिल-खारिज के काम के लिए मोटी रकम मांगने की शिकायत सामने आ रही हैं. यह गंभीर विषय है.
