सावधान! दुबई ना ले जाएं पोस्ता दाना की मिठाई, नवादा का युवक अबूधाबी एयरपोर्ट पर हो गया गिरफ्तार

News Ranchi Mail
0

                                                  


नवादा जिले के धमौल थाना क्षेत्र के तुर्कबन गांव निवासी सतीश कुमार को अबूधाबी एयरपोर्ट पर इसलिए गिरफ्तार कर लिया गया, क्योंकि वह अपने साथ पोस्ता दाना लगी मिठाई ले गया था. सतीश कुमार के परिजनों ने बताया कि सतीश कुमार बीती 22 जुलाई को पटना एयरपोर्ट से अहमदाबाद होते हुए अबूधाबी के लिए रवाना हुए थे. वह अपने साथ धमौल बाजार से खरीदी गई रसकदम मिठाई ले जा रहे थे, जिस पर पोस्ता दाना लगा हुआ था. अबूधाबी एयरपोर्ट पर जांच के दौरान अधिकारियों ने मिठाई पर लगे पोस्ता दाना को देखा, जिसके बाद सतीश कुमार को हिरासत में ले लिया गया. 

परिजनों ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में पोस्ता दाना प्रतिबंधित है. वहां की पुलिस ने सतीश को हिरासत में लिया है. इस घटना से परिजनों में चिंता का माहौल है. उन्होंने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है. बता दें कि भारत में पोस्ता दाना का उपयोग कई मिठाइयों और खाद्य पदार्थों में सामान्य रूप से होता है और यह प्रतिबंधित नहीं है, लेकिन यूएई में पोस्ता दाना से जुड़े नियम बेहद सख्त हैं. वहां अनजाने में भी इसे या इससे युक्त खाद्य सामग्री साथ ले जाने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है.

अब सतीश कुमार के परिजन भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं, ताकि विदेश में उसको सहायता मिल सके और उसे हिरासत से रिहा कराया जा सके. इस घटना ने विदेश यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह महत्वपूर्ण संदेश दिया है कि वे जिस देश की यात्रा कर रहे हैं, वहां के आयात और प्रतिबंधित वस्तुओं से संबंधित नियमों की पहले से जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें. फूड इंस्पेक्टर अजय कुमार ने पोस्ता दाना के संबंध में बताया कि यह कोई नशीला पदार्थ नहीं है और भारत में इस पर कोई प्रतिबंध नहीं है. इसका उपयोग खाद्य पदार्थों में किया जाता है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !