मधुबनी में जमीन के विवाद को लेकर हिंसक झड़प होने की खबर सामने आई है. इस दौरान कई राउंड गोलीबारी हुई. साथ ही, खेत में लोगों को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की गई. मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप मुखिया को गोली लगने से गंभीर चोटें आईं, जबकि पांच अन्य लोग भी घायल हो गए. बता दें कि यह घटना लखनौर थाना क्षेत्र के बेलाही गांव की बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
गांव में पुलिस बल तैनात
पुलिस ने छह घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. बाद में डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल युवक को DMCH, दरभंगा रेफर कर दिया. फिलहाल, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णु देव यादव, पवन ,शनि कुमार, संजीव, प्रकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. राम निवास मुखिया के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने घटनास्थल से एक ट्रैक्टर भी जब्त किया है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी करने में जुट गई है. साथ ही, दूसरे ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है. जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. गांव में दहशत है.
