राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र में आज (मंगलवार, 28 जुलाई) सुबह-सुबह एक अज्ञात दिव्यांग व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी मच गई. जानकारी के मुताबिक, यहां जेडीयू कार्यालय से सटे मिलर ग्राउंड में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है. मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. यह इलाका काफी संवेदनशील और रिहायशी माना जाता है. आसपास जेडीयू का प्रदेश कार्यालय, स्कूल और कई न्यायाधीशों के आवास स्थित हैं. मृतक व्यक्ति दिव्यांग बताया जा रहा है. उसके दोनों पैरों में रॉड लगी हुई है.
जानकारी के अनुसार, शव के सिर पर हेलमेट था. इसके अलावा एक हाथ में एक झोला था और नाक से खून बह रहा था. स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे एक महिला वहां से गुजर रही थी. उसने शव देखा तो कुछ युवक पहले से मौके पर मौजूद थे. युवकों ने बताया कि मृतक उनके साथ गांजा और स्मैक का सेवन करता था, लेकिन उसकी मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी किसी को नहीं है. बाद में एक अन्य व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी. इलाके के लोगों का कहना है कि मिलर ग्राउंड में रोज रात 8 बजे से देर रात तक नशेड़ियों का जमावड़ा लगता है. यहां चार-पांच लोग नियमित रूप से नशा करते हैं.
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच की. थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है. पुलिस ने लोगों से मृतक की पहचान कराने में सहयोग की अपील की है.
हाल ही में बाहुबली नेता और जेडीयू विधायक अनंत सिंह के पटना स्थित बंगले के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति का शव पाया गया था. यहां पुलिस का पहरा भी रहता है. मृतक युवक की उम्र 25 से 30 साल के बीच थी. पहली नजर में मामला हत्या के बाद शव यहां फेकने का लग रहा है. अनंत सिंह का आवास होने की वजह से भी पुलिस अलर्ट पर है. एफएसएल की टीम भी मौके पर मौजूद है और बारीकी से जांच में जुटी है.
.jpg)