नालंदा में कलश यात्रा के दौरान DJ बजाने को लेकर भिड़े दो पक्ष, गोलीबारी और तलवारबाजी में 8 घायल

News Ranchi Mail
0

                                                 


 

नालंदा में कलश शोभायात्रा के दौरान भारी बवाल होने की खबर सामने आई है. जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र में निकाली जा रही धार्मिक यात्रा में डीजे बजाने और उसे घुमाने के विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. देखते ही देखते इस विवाद ने खूनी रूप ले लिया और दोनों ओर से गोलीबारी और तलवारें चलने लगीं. इस हिंसक घटना में करीब आठ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है.  

तलवारबाजी की चपेट में आकर हुए जख्मी
मिली जानकारी के अनुसार, झड़प के दौरान एक व्यक्ति को गोली लगी है, जबकि चार अन्य लोग तलवारबाजी की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गए हैं. अचानक हुई इस गोलीबारी और हथियार लहराए जाने से शोभायात्रा में भारी अफरातफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया. आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही अस्थावां थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया.

घटना की गहनता से की जा रही जांच
गांव में उत्पन्न तनाव पूर्ण हालात को देखते हुए पुलिस पूरी तरह से सतर्क है और वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. इस पूरे मामले को लेकर अस्थावां थानाध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है. उन्होंने पुष्टि की है कि दोनों पक्षों की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर अब तक कुल 20 नामजद लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. फिलहाल, पुलिस घटना में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !