पति की मौत की खबर सुन पत्नी ने भी लगाया फंदा, वीडियो कॉल पर देखा था पति का शव, 9 महीने पहले हुई थी शादी

News Ranchi Mail
0

                                                  


बिहार के सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. चेन्नई में रहकर पेंटिंग का काम करने वाले 25 वर्षीय बबलू कुमार महतो की कथित तौर पर फांसी लगाने से मौत हो गई. पति की मौत की खबर सुनने और वीडियो कॉल के जरिए उसका शव फंदे से लटका देखने के बाद उसकी 23 वर्षीय पत्नी सपना कुमारी ने भी कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगा ली.

बताया जा रहा है कि बबलू और सपना की शादी करीब आठ-नौ महीने पहले हुई थी. बबलू पिछले करीब पांच महीने से चेन्नई में रहकर पेंटिंग का काम कर रहा था. परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. इस दौरान बबलू ने पत्नी के चरित्र पर संदेह जताते हुए उसे घर से निकालने की बात कही थी. रविवार सुबह परिजनों को बबलू के फांसी लगाने की सूचना मिली. इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए सपना ने अपने पति का शव देखा.

पति की मौत की खबर मिलने के कुछ ही देर बाद सपना ने भी कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगा ली. खेत से लौटने के बाद उसकी सास सीता देवी ने खिड़की से सपना का शव फंदे से लटका देखा. इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही अमनौर थाना पुलिस और मढ़ौरा DSP मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. एक ही परिवार में कुछ ही घंटों के अंतराल पर पति-पत्नी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही दोनों मौतों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !