नवादा में महिला और दो मासूम बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फंदे से लटका मिला शव

News Ranchi Mail
0

                                             


 बिहार के नवादा में एक महिला और उसकी दो बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. महिला का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी दोनों बेटियां बिस्तर पर मृत पाई गईं. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है.

यह घटना बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के दर्जी मोहल्ले में सोमवार सुबह सामने आई. मृतका की पहचान करीब 30 वर्षीय नीदा खातून के रूप में हुई है. उसकी दोनों बेटियों में करीब 3 वर्षीय सरिया खातून और 4 वर्षीय सितारा खातून शामिल हैं. बताया जा रहा है कि नीदा अपनी दोनों बेटियों के साथ घर की ऊपरी मंजिल पर रहती थी, जबकि उसके सास-ससुर नीचे के कमरे में रहते थे.

सोमवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की. दरवाजा खुलने पर नीदा खातून फांसी के फंदे से लटकी मिली, जबकि उसकी दोनों बेटियां बिस्तर पर मृत पड़ी थीं. शवों की स्थिति को देखकर पुलिस को हत्या की आशंका है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया या उसने आत्महत्या की है. वहीं, दोनों बच्चियों की मौत गला घोंटने से होने की आशंका जताई जा रही है.

मृतका के पति मोहम्मद साजिद करीब 11 महीने पहले दुबई गए थे, जहां वह काम करते हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !