बिहार के गोपालगंज में सोमवार की सुबह-सुबह मस्जिद के बाहर इमाम का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित मस्जिद की है. शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में इमाम की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आई है.
बताया जा रहा है कि मृतक इमाम सफीक अहमद रविवार रात खाना खाने के बाद सोने चले गए थे. सोमवार सुबह जब अजान के समय भी मस्जिद से आवाज नहीं आई तो स्थानीय लोगों को शक हुआ. लोग जब मस्जिद पहुंचे तो बाहर इमाम का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला. इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की.
हथुआ SDPO आनंद मोहन ने बताया कि उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित मस्जिद में मौलवी मोहम्मद सफीक अहमद की चाकू मारकर हत्या की गई है. मामले के उद्भेदन के लिए SP के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया है. SIT की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारीयों का कहना है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपीयों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
