बिहार में अपराधियों के बढ़े हौसले से कानून-व्यवस्था एक बार फिर से सवालों के घेरे में हैं. प्रदेश में बेखौफ अपराधी गदर काटने में जुटे हैं और पुलिस लाचार नजर आ रही है. ताजा मामला वैशाली और बेगूसराय सामने आया है. वैशाली में आज (गुरुवार, 13 अगस्त) की सुबह-सुबह जिले के एक बड़े ठेकेदार की गोली मार कर निर्मम हत्या कर दी गई. घटना सदर थाना क्षेत्र स्थित कुम्हइया पोखरी के पास की है. बताया जा रहा है कि ठेकेदार रामनरेश राय मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. घर से थोड़ी दूरी पर ही दो बाइक पर सवार 4 अपराधियों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और गोलियों की बौछार कर दी. उन्हें 4 गोलियां लगी और वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए.
अपराधियों ने दौड़ाकर 4 गोली मारी
लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. जिसमें साफ देखा जा सकता है कि ठेकेदार रामनरेश राय घर से कुछ दूर आगे निकले ही थे कि बाइक सवार अपराधियों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी. ठेकेदार ने भागने का भी प्रयास किया, लेकिन अपराधियों ने पीछा करके 4 गोली मारी और मौके से फरार हो गए. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही एसपी शुभांक मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगो को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया. एसपी ने दावा किया है कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
बेगूसराय में बदमाशों ने युवक को गोली मारी
दूसरी ओर बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चिलमिल गांव में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी. युवक को दो गोलियां लगी हैं, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद हथियार लहराते हुए सभी अपराधी मौके से फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. घायल युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छपकी गांव निवासी शंकर यादव के बेटे गौतम कुमार के रूप में हुई है. गौतम के बांह में और पेट के निचले हिस्से में गोली लगी है. गोली लगने के बाद खून से लथपथ गौतम को ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
घायल को गांव वालों ने अस्पताल पहुंचाया
बताया जा रहा है कि चिलमिल गांव के तीनमुहानी के पास दो बाइक पर सवार चार अपराधी पहले से मौजूद थे. अपराधी आपस में बातचीत कर रहे थे और किसी वारदात को अंजाम देने के लिए मौका तलाश रहे थे. इसी दौरान गौतम बाइक से अपने घर की ओर जाने के लिए मुड़ा. बदमाशों ने यहीं से गौतम की बाइक का पीछा किया और उसके घर से करीब 100 मीटर पहले ही गोलियां चला दीं. गोली लगते ही गौतम सड़क पर गिर पड़ा और अपराधी हथियार लहराते हुए कारीचक की तरफ फरार हो गए. गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायल गौतम को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही पुलिस
परिजनों के अनुसार, गांव में कुछ युवक लगातार शराब के नशे में आकर गाली-गलौज और उत्पात करते थे. गौतम कुमार कथित तौर पर इसका विरोध करता था. परिजनों का आरोप है कि इसी विरोध से नाराज होकर बदमाशों ने गौतम को गोली मारी है. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. घटना की सूचना मिलते ही सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय और मुफस्सिल थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है.
.jpg)