बिहार में अपराधियों के हौसले काफी बढ़े हुए नजर आ रहे हैं. अपराधी प्रवृत्ति के लोग पुलिस पर भी हमला करने से नहीं डरते. ताजा मामला वैशाली से सामने आया है. यहां कुछ असमाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर हमला किया औ एक अभियुक्त को छुड़ाकर ले गए. घटना महनार थाना क्षेत्र के देशराजपुर बजरंगबली चौक की है. जानकारी के मुताबिक, यहां गोलीबारी की एक घटना हुई थी. इसमें कुछ दबंगों ने स्थानीय चौकीदार के घर पर गोलीबारी की थी, जिसमें चौकीदार के बेटे को गोली लगी थी और वह घायल हो गया था. मामूली मारपीट की घटना के बाद दबंगों ने गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया था.
इस घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार करने पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी. पुलिस जब अभियुक्त को गिरफ्तार करके अपने साथ थाने ले जा रही थी, तभी कुछ असमाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और अभियुक्त को छुड़ा लिया. इस घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. वहीं, चौकीदार के घायल बेटे ने बताया कि सभी आरोपी सूखा नशा का कारोबार करते हैं. पुलिस को इसकी सूचना देने के कारण ही आरोपियों ने उसके घर पर हमला किया था.
आरोपियों का हौसला इतना बुलंद है कि उन्होंने ना सिर्फ शिकायतकर्ता के घर पर जानलेवा हमला किया, बल्कि पुलिस टीम को भी नहीं छोड़ा. इससे एक सप्ताह पहले बेलसर थाना क्षेत्र के साईन गांव में पुलिस टीम पर हमला किया गया था. यहां पुलिसकर्मी आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामलों में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने गई थी. इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था. इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी. इस घटना के बाद पुलिस ने कई हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया था.
