भागलपुर के नवगछिया थाना क्षेत्र के पकरा स्थित रामधारी सिंह उच्च विद्यालय के मैदान के पीछे दोनियां टोला के पास गुरुवार की देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बांसबाड़ी के समीप एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान तेतरी दक्षिणबारी टोला निवासी किसान वरुण राय के 30 वर्षीय बेटे राहुल राय के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल हो गया, पूरे सनसनी फैल गई, सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी.
परिजनों के अनुसार राहुल शाम करीब छह बजे घर से निकला था. उसे तेतरी दुर्गा स्थान मंदिर के आसपास आखिरी बार देखा गया. इसके बाद वह किसी दूसरे व्यक्ति की मोटरसाइकिल से पकरा के मैदान के पीछे दोनियां टोला स्थित बांसबाड़ी की ओर पहुंचा था. वह वहां किसके साथ गया था और किस उद्देश्य से गया था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. प्रथमदृष्टया पुलिस को आशंका है कि राहुल को वहां बुलाकर या ले जाकर निशाना बनाया गया.
नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि राहुल के शरीर पर प्रथमदृष्टया एक गन शॉट दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में गोली पीछे की ओर से प्रवेश करने की बात सामने आ रही है, लेकिन गोली कितनी लगी और शरीर के किस हिस्से से निकली, इसकी अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी. स्थल से एक कारतूस/खोखा बरामद किया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है. बाइक किसकी है, इसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है.
इधर, परिजनों ने हत्या को साजिश बताया है. उनका आरोप है कि राहुल को योजनाबद्ध तरीके से बुलाकर हत्या की गई है. पुलिस के अनुसार, राहुल के खिलाफ तीन-चार आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं. इनमें मारपीट/जानलेवा हमला और रंगदारी से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं. अप्रैल 2021 में पुलिस ने उसे अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार भी किया था. फिलहाल वह पूर्व के मामलों में जमानत पर था.
