सावन की पहली सोमवारी पर बेगूसराय में दर्दनाक हादसा, देवघर जल चढ़ाने जा रहे कांवरिए की मौत

News Ranchi Mail
0

                                                 

बेगूसराय में सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में देवघर जल चढ़ाने जा रहे एक कांवरिया की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के कुरहा के पास हुई. बताया जा रहा है कि यहां तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने कांवरिए को ठोकर मार दी. इस हादसे में उस कांवरिए की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के राजाजान गांव निवासी सुरेंद्र यादव के बेटे भगत यादव के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. 

मृतक के परिजनों के अनुसार, भगत यादव अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से मुंगेर गंगा घाट जल लेने जा रहे थे. वहां से जल लेकर उन्हें देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए जाना था. बताया गया कि कुरहा के पास वह जल भरने के लिए डिब्बा खरीद रहे थे. इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

बता दें कि सावन की पहली सोमवारी पर देशभर के शिवालयों में शिवभक्तों और कांवरियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. 'ॐ नमः शिवाय', 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया है. श्रद्धालु भगवान शिव का गंगाजल, दूध, दही, शहद और बेलपत्र से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना कर रहे हैं. सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !