राजधानी पटना के दानापुर इलाके में पुलिस ने हाइवे पर लूटपाट करने वाले एक गैंग के 5 सदस्यों पकड़ने में कामयाबी हासिल की. जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने नौबतपुर थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर इस केस का खुलासा कर दिया. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, हेलमेट और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त की रात चरई मोड़ के पास बिहटा-सरमेरा सिक्स लेन पर एक व्यक्ति को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन किया गया था. तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम गोलू कुमार, अमित कुमार उर्फ गड़ैया, विक्की कुमार उर्फ मुखिया गोप, नीरज और दीपक बताए जा रहे हैं. गिरफ्तार आरोपियों में तीन का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस अब फरार एक अन्य आरोपी और हथियार की तलाश में छापेमारी कर रही है.
उधर, बिहटा में शराब तस्करी का खुलासा किया है. पुलिस ने यहां 77.76 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई परेव पुल के पास की गई. बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी बाइक पर एक बैग में शराब छिपाकर ले जा रहा था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से शराब लेकर कोइलवर की ओर से आ रहा है. सूचना के आधार पर परेव पुल के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली, जिसके पास से 432 टेट्रा पैक में कुल 77.76 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल BR01JK2620 को भी जब्त कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कुमार उर्फ लक्की, निवासी छोटी कोपा, थाना नौबतपुर, पटना के रूप में हुई है.
