बिहार में शराबबंदी है, लेकिन फिर भी रोजाना शराब पकड़े जाने की खबरें सामने आती रहती है. ताजा मामला कटिहार, वैशाली और पटना के मसौढ़ी से सामने आया है. कटिहार में नगर थाना पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये के 100 ग्राम स्मैक और 11,810 रुपये नकद के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, नगर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि डी.एस. कॉलेज पक्की सड़क के पास बाइक सवार दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं. इसके बाद कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन चेकिंग अभियान चलाया.
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल की मदद से खदेड़कर पकड़ा गया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद इम्तियाज और मोहम्मद रिजवान के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 100 ग्राम स्मैक और 11,810 रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है.
मसौढ़ी में महिला कर रही थी शराब की तस्करी
वहीं, मसौढ़ी के पुनपुन थाना पुलिस ने केला बगान के पास से स्कूटी सवार एक युवती को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 50 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना निवासी एक युवती अक्सर पुनपुन क्षेत्र से शराब लेकर पटना सप्लाई करने जाती है. सूचना के आधार पर पुलिस ने सड़क मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाया. इस दौरान उक्त स्कूटी सवार युवती को रोककर तलाशी ली गई, तो स्कूटी पर रखे बोरे से 50 लीटर शराब बरामद हुई.
पुनपुन थाना की एसएचओ बेबी कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहारशरीफ (नालंदा) की रहने वाली है और वर्तमान में पटना में किराए के मकान में रहती है. पूछताछ में सामने आया है कि प्रियंका मनोरा स्थित एक व्यक्ति से शराब खरीदकर पटना में बेचने जाती थी. पुलिस मुख्य शराब आपूर्तिकर्ता की तलाश में जुट गई है.
वैशाली में भी पकड़ी गई शराब की बड़ी खेप
वैशाली में महुआ थाना पुलिस ने एक पिकअप वैन से 3520 लीटर (44 बोरे) देशी चुलाई शराब की बड़ी खेप बरामद की है. मिली जानकारी के अनुसार, महुआ थाना पुलिस को पटना मद्य निषेध विभाग से गुप्त सूचना मिली थी कि बिदुपुर की ओर से एक पिकअप पर देशी शराब की बड़ी खेप लादकर महुआ की तरफ लाई जा रही है. सूचना मिलते ही महुआ पुलिस ने मधोल गांव के पास घेराबंदी की. इस दौरान सामने से आ रही पिकअप वैन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक गाड़ी लेकर भागने लगा.
पुलिस टीम ने तुरंत वाहन का पीछा किया. पुलिस से बचने के चक्कर में चालक ने गाड़ी को गांव की ओर मोड़ दिया, लेकिन कुछ ही दूरी पर पिकअप का एक पहिया सड़क किनारे कीचड़ में फंस गया. गाड़ी फंसते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जब गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें से 44 बोरों में रखी 3520 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद हुई. पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है.
