बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मां के साथ घर के दरवाजे पर सो रही चार साल की बच्ची के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म की आशंका का मामला सामने आया है. घटना में गांव के ही पंकज साह का नाम सामने आने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी और उसे सड़क पर घसीटने का भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है. बच्ची की मां के बयान पर ताजपुर थाने में पंकज साह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है.
जानकारी के अनुसार, मोरवा प्रखंड के एक गांव की रहने वाली महिला रक्षाबंधन के मौके पर अपनी चार साल की बेटी के साथ मायके आई थी. वह दो दिन बाद ससुराल लौटने वाली थी. महिला अपनी बेटी के साथ घर के दरवाजे पर सोई हुई थी. इसी दौरान मध्य रात्रि में बच्ची को कथित तौर पर वहां से उठा लिया गया. महिला की नींद खुलने पर बच्ची को गायब पाया गया, जिसके बाद उसने अपने भाई को जगाया. परिवार के लोगों ने आसपास बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद घटना की सूचना ताजपुर थाना पुलिस को दी गई. डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू की.
इसी दौरान ग्रामीणों ने बच्ची को गांव के पास एक सुनसान खेत की झाड़ियों की ओर से रोते हुए आते देखा. परिजनों के अनुसार, बच्ची के शरीर पर चोट के निशान और खून के दाग मिले. दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है. परिजनों ने गांव के ही पंकज साह पर घटना में शामिल होने का शक जताया है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद वह अपने घर से फरार था. ग्रामीणों के अनुसार, पंकज साह पूर्व में भी लोगों के घरों में घुसने जैसी हरकतें करता रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इन आरोपों और अन्य बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ताजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस को शुरुआत में बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी, पुलिस के पहुंचने के बाद परिवार के लोगों ने बच्ची को गांव के ही एक सुनसान खेत से बरामद किया. इसके बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. बच्ची की मां के बयान पर पंकज साह को नामजद आरोपी बनाया गया है. घटना के बाद से आरोपी फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी. इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे गांव के चौर क्षेत्र में झाड़ियों के बीच छिपा होने की सूचना दी और पकड़कर उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर समस्तीपुर सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
