राजनीतिक रंजिश में दहला बगहा! उपमुखिया और वार्ड सदस्य पति को गोली मारी, पुलिस ने पूर्व मुखिया को दबोचा

News Ranchi Mail
0

                                                    


बगहा के भैरोगंज थाना क्षेत्र के कपरधिक्का में बुधवार की देर शाम आपसी रंजिश को लेकर अज्ञात अपराधियों ने भैरोगंज पंचायत के उपमुखिया अशोक दास और वार्ड सदस्य पति राधेश्याम राम को गोली मार दी. गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

घटना की सूचना डायल-112 और भैरोगंज थाना पुलिस को दी गईं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया. अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजय गुप्ता ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया है. सरकारी योजनाओं को लेकर भी आपसी रंजिश के कारण घटना घटित होने की चर्चा है.

इस सम्बन्ध में एसडीपीओ बगहा निहार भूषण ने बताया कि घायलों की पहचान कपरधिक्का वार्ड संख्या 9 निवासी 40 वर्षीय अशोक दास, पिता चंद्रिका दास और लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या 6 निवासी 38 वर्षीय राधेश्याम राम, पिता रामेश्वर राम के रूप में हुई है. शुरूआती जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बताया जा रहा है. हालांकि, गोलीबारी के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है. वहीं पूर्व मुखिया मुन्ना दास समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रहीं है.

एसडीपीओ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. इसके बाद एसडीपीओ निहार भूषण भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और पुलिस अभिरक्षा में दोनों घायलों का इलाज कराया गया. चिकित्सकों की तरफ से गंभीर स्थिति बताए जाने के बाद दोनों को जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया है.

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस कई बिंदुओं पर मामले की गहन जांच में जुटी है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !