बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. ताजा मामला बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकराम रोड स्थित शांति गर्ल्स हॉस्टल बिल्डिंग के बेसमेंट का है. यहां दो बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने वर्तमान पार्षद के पति अनिल कुमार यादव पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी.
अनिल कुमार यादव को करीब पांच गोलियां लगी
बताया जा रहा है कि फायरिंग में अनिल कुमार यादव को करीब पांच गोलियां लगी हैं. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
वारदात के बाद हॉस्टल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल
गोलीबारी की सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल पर गोलियों के खोखे और जमीन पर खून के निशान मिले हैं. वारदात के बाद हॉस्टल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.
तीनों बदमाश बाइक से हथियार लहराते हुए फरार हो गए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से हथियार लहराते हुए फरार हो गए. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है. गोलीबारी के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है.
कार की टक्कर के बाद पीछा, अपार्टमेंट में छापेमारी, 30 लाख रुपये बरामद, तीन हिरासत में
बता दें कि 23 सितंबर, 2026 दिन बुधवार को पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के अरण्य बलभद्र अपार्टमेंट स्थित फ्लैट संख्या 101 में पुलिस और इनकम टैक्स विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की है. कार्रवाई उत्पाद विभाग से मिली सूचना के आधार पर की गई. इस दौरान एक कार से करीब 30 लाख रुपये बरामद होने की बात सामने आई है. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
