भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुतूबगंज इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती के रूप में हुई है. वह बीजेपी के ईश्वर नगर मंडल अध्यक्ष बताए जा रहे हैं. घटना बबरगंज थाना क्षेत्र के मोहदीनगर स्थित बजरंगबली मंदिर के पास हुई. बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने बेहद नजदीक से उनके सिर में 2 गोलियां दागीं और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. वारदात के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उन्हें मायागंज स्थित जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद से पूरे कुतूबगंज में भारी तनाव देखने को मिल रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के नगर विधायक रोहित पांडेय तत्काल अस्पताल पहुंचे और रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया. उन्होंने मौके पर मौजूद वरीय पुलिस अधिकारियों से हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है. उधर, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. वहीं, पीड़ित परिजनों ने पूर्व पार्षद शशि मोदी और उसके भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन पर हत्या का आरोप लगाया है.
इसी तरह से गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया. पीड़ित व्यक्ति की गर्दन में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. घायल की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कुकुरभूका गांव निवासी शैलेश यादव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शैलेश यादव अपने बसडीला स्थित घर खाना खाने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी.
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने एक के बाद एक तीन गोलियां चलाईं. इनमें से एक गोली शैलेश यादव के गर्दन में लगी. गोली चलने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. गोलीबारी की इस घटना में इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार, शैलेश यादव जेसीबी चलाने का काम करते हैं. वहीं, घटना को लेकर यह बात भी सामने आ रही है कि उन्हें कुछ समय पहले फोन पर धमकी मिली थी. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल की जांच करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए.
