रांची, विशेष संवाददाता। केंद्र सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह एचईसी (हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन) को किसी प्रकार की आर्थिक मदद नहीं करेगी। एचईसी को अपने कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की देनदारी का भुगतान कंपनी को खुद करना होगा। केंद्र सरकार की इसमें कोई जवाबदेही नहीं है। भारी उद्योग मंत्रालय ने एचईसी के श्रमिक नेता लालदेव सिंह को पत्र भेज कर स्थिति स्पष्ट कर दी है। इस पत्र के बाद श्रमिक नेता लालवेद सिंह ने असहमति जताते हुए कहा है कि एचईसी के कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों की पूरी बकाया राशि का भुगतान करने की जिम्मेदारी भारत सरकार की है।
सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। उन्होंने मंत्रालय के इस तर्क को पूरी तरह गलत बताया। उनका कहना है कि एचईसी में भारत सरकार की शत-प्रतिशत हिस्सेदारी है। ऐसे में सरकार अपनी जिम्मेदारी से इनकार नहीं कर सकती है।उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एचईसी की देनदारियों के प्रति केंद्र सरकार की कोई जिम्मेदारी नहीं है, तो झारखंड हाईकोर्ट में चल रहे कई मामलों में भारी उद्योग मंत्रालय को पक्षकार क्यों बनाया जाता है।लालदेव सिंह ने उम्मीद जताई कि एनसीएलटी के आदेश के खिलाफ अपील करने के लिए दिल्ली गए एचईसी के निदेशक मंडल को सफलता मिलेगी और एनसीएलटी के आदेश पर रोक लग सकती है। इसके बाद उनकी जनहित याचिका पर सुनवाई होगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनका प्रयास है कि एचईसी के कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों की पूरी देनदारी का भुगतान केंद्र सरकार करे। ऐसा नहीं होने पर आशंका है कि एनसीएलटी केवल आधी-अधूरी देनदारियों का भुगतान कराकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेगा।उन्होंने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के दिल्ली जाने के प्रस्ताव पर भी प्रतिक्रिया दी। कहा कि संजय सेठ के दिल्ली जाने से पहले ही भारी उद्योग मंत्रालय की ओर से उन्हें जवाब मिल चुका है। यह केंद्र का नीतिगत फैसला है और संजय सेठ भी इसी सरकार के मंत्री हैं, इसलिए इस फैसले में उनकी भी जिम्मेदारी बनती है।
