झारखंड के सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा 63 प्रतिशत DA, कब से होगा लागू, सरकार ने बताया

News Ranchi Mail
0

                                                     


झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की वृद्धि की है। अब उन्हें पुनरीक्षित वेतनमान (सातवें केंद्रीय वेतनमान) के तहत मूल वेतन पर 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार ने इस संबंध में संकल्प जारी कर दिया है। बढ़ी हुई दर एक जुलाई 2026 के प्रभाव से लागू होगी।

3 प्रतिशत की हुई वृद्धि

केंद्र सरकार की ओर से अपने कर्मियों के लिए महंगाई भत्ते की दर 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत किए जाने के बाद झारखंड सरकार ने भी राज्यकर्मियों के लिए यह निर्णय लिया है। संकल्प के अनुसार, राज्य के वैसे सरकारी कर्मी, जिनके वेतन का निर्धारण सातवें वेतनमान के तहत पुनरीक्षित वेतन संरचना में हुआ है, उन्हें एक जुलाई 2026 के प्रभाव से 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय होगा। गत 18 नवंबर को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वीकृति मिलने के बाद वित्त विभाग ने गुरुवार को संकल्प जारी कर दिया है।

विशेष वेतन और वैयक्तिक वेतन पर नहीं मिलेगा लाभ

सरकार ने स्पष्ट किया है कि झारखंड सेवा संहिता के नियम 34(ए) के अनुसार महंगाई भत्ते की गणना मूल वेतन के आधार पर होगी। विशेष वेतन और वैयक्तिक वेतन पर महंगाई भत्ता देय नहीं होगा। यानी तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का लाभ निर्धारित पुनरीक्षित वेतन संरचना के तहत आने वाले कर्मियों को उनके मूल वेतन के आधार पर मिलेगा। वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार के हस्ताक्षर से जारी संकल्प में बताया गया है कि इस प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति मिल चुकी है। 18 नवंबर 2026 को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक के कार्यसूची के मद संख्या 19 में इस पर निर्णय लिया गया था।

35 साल से कार्यरत कर्मी की सेवा नियमित करने का आदेश

झारखंड हाईकोर्ट ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में 35 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत कर्मी बाहा उरांव को बड़ी राहत दी है। जस्टिस दीपक रोशन की अतदालत ने विभाग के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें कट-ऑफ तिथि का हवाला देकर उनकी सेवा नियमित करने से इनकार कर दिया गया था।

अदालत ने राज्य सरकार को आदेश की प्रति प्राप्त होने या प्रस्तुत किए जाने के 12 सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता को विभाग की नियमित स्थापना में उपयुक्त स्वीकृत पद पर नियमित करने का निर्देश दिया है। साथ ही नियमानुसार सेवा से जुड़े परिणामी लाभ देने और पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभों पर विचार करने को कहा है। याचिकाकर्ता बाहा उरांव तत्कालीन लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (वर्तमान में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग) के स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल में जून 1989 से कीमैन-कम-वॉचमैन के पद पर लगातार कार्यरत हैं।

नियमितीकरण की मांग को लेकर उन्होंने पहले भी हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस पर अदालत ने 5 अक्तूबर 2021 को विभाग को उनके मामले पर विचार करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद विभाग ने 11 जुलाई 2022 को उनका दावा खारिज कर दिया। विभाग का तर्क था कि कार्यभारित कर्मियों के नियमितीकरण के लिए कट-ऑफ तिथि 1 जनवरी 1988 निर्धारित है, जबकि बाहा उरांव जून 1989 से कार्यरत हैं।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !