नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को विधानसभा में एमएमडीआर संशोधन कानून-2026 के खिलाफ राज्य सरकार की ओर से सदन में लाए गए प्रस्ताव का विरोध किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर वित्तीय उपेक्षा के आरोपों को तथ्यहीन और एकपक्षीय बताया। साथ ही राज्य सरकार से केंद्र से मिले संसाधनों, उनके उपयोग और विकास परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तृत श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारों की आलोचना होनी चाहिए, लेकिन आलोचना तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए। राज्य सरकार जनता के सामने पूरी वित्तीय तस्वीर रखे। वहीं, उन्होंने केंद्र सरकार से भी आग्रह किया कि झारखंड की विकास आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए।
56 हजार करोड़ मिलने का दावा
मरांडी ने सदन में कहा कि वर्ष 2004-14 के दौरान केंद्र से झारखंड को 56,090 करोड़ रुपये का कर हस्तांतरण मिला था, जबकि वर्ष 2014-24 में यह बढ़कर 2,26,444 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह केंद्रीय अनुदान 28,509 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,04,373 करोड़ रुपये हो गया। रेलवे का वार्षिक बजट आवंटन भी 457 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,302 करोड़ रुपये हो गया। उन्होंने कहा कि सड़क, रेलवे, ऊर्जा, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं झारखंड में स्वीकृत और क्रियान्वित हो रही हैं। इन्हें राजनीतिक सुविधा के अनुसार नकारा नहीं जा सकता। मरांडी ने कहा कि हम राज्य सरकार से यह नहीं कह रहे कि वह केंद्र सरकार की प्रशंसा करे। हम केवल यह चाहते हैं कि वह जनता के सामने पूरी वित्तीय तस्वीर रखे। केंद्र ने जो दिया है, उसका हिसाब भी हो और राज्य सरकार ने जो किया है, उसका हिसाब भी हो। झारखंड की जनता यह नहीं पूछ रही कि केंद्र और राज्य के बीच राजनीतिक श्रेय किसे मिलेगा। वह पूछ रही है कि गांव में सड़क कब बनेगी, खेत में पानी कब पहुंचेगा, अस्पताल में डॉक्टर कब मिलेगा, स्कूल में शिक्षक कब आएगा और नौजवान को रोजगार कब मिलेगा। यह सदन आरोप-प्रत्यारोप का मंच बनकर न रह जाए। इसे झारखंड के भविष्य के लिए ठोस निर्णय लेने का मंच बनना चाहिए।
केंद्र से आग्रह-झारखंड के विकास को प्राथमिकता मिले
नेता प्रतिपक्ष ने मांग की, कि राज्य सरकार केंद्र से मिले संसाधनों, उनके उपयोग, लंबित परियोजनाओं और विकास के परिणामों का एक विस्तृत श्वेतपत्र सदन के सामने रखे। साथ ही उन्होंने केंद्र से आग्रह किया कि झारखंड की विकास आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए और स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड को उसका अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन उस अधिकार का उपयोग भी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ होना चाहिए। राज्य की जनता को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, विकास चाहिए।
केंद्र और राज्य के बीच टकराव नहीं, सहयोग चाहिए। सबसे बढ़कर, झारखंड की खनिज संपदा का लाभ झारखंड के गरीब, आदिवासी, किसान, श्रमिक और नौजवान को मिलना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सदन से पारित संकल्प को राजनीतिक आरोपों की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा।
