रांची :उपायुक्त, रांची राहुल कुमार
सिन्हा द्वारा तमाड़ एवं बुंडू प्रखंड
क्षेत्र का भ्रमण किया गया।
तमाड़ प्रखण्ड क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त द्वारा सर्वप्रथम एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, सलगाडीह तमाड़ का भ्रमण किया गया। उपायुक्त द्वारा विद्यालय परिसर में अवस्थित कक्षाओं -प्रयोगशाला, पुस्तकालय आदि का निरीक्षण किया गया। उन्होंने भोजनालय रसोईघर का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त ने विद्यालय में शैक्षणिक माहौल को और उन्नत बनाने का सुझाव दिया।
भ्रमण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बुण्डू, डीएसपी बुण्डू, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, तमाड़, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक गण उपस्थित थे।
उपायुक्त श्री राहुल कुमार सिन्हा द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सलगाडीह का भ्रमण करते हुए विभिन्न कक्षाओं एवं कार्यशालाओं का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने संस्थान में की गई व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया।
इसके बाद उपायुक्त द्वारा कस्तुरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय, सलगाडीह का भ्रमण किया गया। भ्रमण के क्रम में उपायुक्त महोदय द्वारा कक्षा, छात्रावास, रसोईघर, प्रयोगशाला आदि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत संतोष जाहिर करते हुए उपायुक्त ने भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं किये जाने एवं मेन्यू
का अक्षरशः पालन करने का निदेश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि जब भी बच्चे लम्बी छुट्टी के बाद घर से विद्यालय पहुँचे सर्वप्रथम उनका चिकित्सकीय जाँच अवश्य कराएं ।
प्रखंड भ्रमण के क्रम में रायडीह मोड़, तमाड़ के पास अवस्थित NH-33 पर निर्माणाधीन पुल का भी अवलोकन उपायुक्त द्वारा किया गया, उन्होंने पुल से संबंधित समस्याओं को लेकर ग्रामीणों से वार्तालाप भी किया। इसके बाद उपायुक्त द्वारा माँ दिउड़ी मंदिर का भ्रमण किया गया।
तमाड़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भ्रमण कर उपायुक्त ने वर्तमान स्थिति में सुधार लाने हेतु आवश्यक निदेश दिये। उन्होंने कहा कि महिला वार्ड को अलग करें और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।
तमाड़ प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के दौरान आखिर में उपायुक्त द्वारा राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय बालिका उच्च विद्यालय, तमाड़ का निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान गिरे हुए चहारदिवारी का अवलोकन किया गया एवं उसके मरम्मत हेतु अविलम्ब निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया।
उपायुक्त श्री राहुल कुमार सिन्हा द्वारा बुंडू प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के दौरान विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया गया एवं आवश्यक निर्देश दिए गए। सर्वप्रथम उपायुक्त द्वारा बुंडू स्थित अनुसूचित जाति आवासीय उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर स्थित , रसोईघर, क्लासरूम, छात्रावास, लैब, पुस्तकालय इत्यादि का बारीकी से निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इसके बाद उपायुक्त द्वारा बुंडू प्रखंड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया का निरीक्षण किया गया। यहां उपायुक्त ने बांस उत्पाद के निर्माण में लगे मजदूरों एवं कर्मियों से बात की। उपायुक्त द्वारा कंपनी द्वारा किए जा रहे गतिविधियों की बारीकी से जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि इस तरह की और कंपनियों को विकसित किया जा सकता है ताकि स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक रोजगार मिल सके ।
इसके बाद उपायुक्त द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर, कुपोषण उपचार केंद्र, ओपीडी एवं इमरजेंसी सेवा का निरीक्षण किया गया। गर्भवती महिलाओं के प्रसव के लिए ससमय अस्पताल पहुंचाना एवं सहियाओं के साथ बैठक करने को लेकर उपायुक्त ने आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उपायुक्त द्वारा तैमारा पंचायत अंतर्गत हुसीरहातू गांव में मनरेगा अंतर्गत लखीराम मुंडा के आम बागवानी योजना एवं सेमिया लता योजनाओं का निरीक्षण किया गया। उपायुक्त द्वारा लोगों के आय बढ़ाने तथा मनरेगा में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
इसके बाद उपायुक्त श्री राहुल कुमार सिन्हा ने दशम फॉल के ऊपरी और निचले हिस्से की जगह का स्वयं जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने साफ सफाई एवं सुविधाओं बढ़ाकर क्षेत्र को विकसित करने की बात कही।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, मुखिया एवं प्रखंड के सभी कर्मी उपस्थित थे।