झारखंड में सर्दी का सितम शुरू हो गया है. राजधानी रांची, हजारीबाग, जमशेदपुर, खूंटी और लोहरदगा समेत कई जिलों में बर्फीली हवाओं का कोल्ड अटैक देखने को मिल रहा है. बर्फीली हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. सर्दीली वाओं ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया है. ठंड का आलम यह है कि अब रजाई और कंबल से भी राहत नहीं मिल रही है. अकेली रजाई ठंड को रोकने में नाकामयाब साबित हो रही है. राजधानी रांची में भीषण सर्दी पड़ने लगी है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों तक यह स्थिति लगातार बनी रहेगी. बीते 24 घंटे में प्रदेश में रांची सबसे ठंडा शहर रहा. राजधानी के आसपास स्थित कांके का तापमान सबसे कम 3.2 डिग्री दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार, 12 दिसंबर) को राजधानी रांची, लोहरदगा, गुमला, लातेहार, चतरा, सिमडेगा और कोडरमा समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है. रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. रात के समय पाला गिरने की संभावना जताई गई है. इसकी वजह से फसलों को भी नुकसान होने की आशंका जताई गई है. पाला और कोहरा की वजह से विजिबिलिटी काफी गिर सकती है. इसका सीधा प्रभाव आम जन-जीवन पर देखने को मिलेगा.
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है. आज यानी शुक्रवार की सुबह कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा. वहीं अगले 24 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि हो सकती है. हालांकि, इससे कनकनी दूर नहीं होगी. पिछले 24 घंटों में रांची के तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. राज्य में सबसे गरम जिला पश्चिमी सिंहभूम रहा. पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में का अधिकतम पारा 28.8 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड किया गया. वहीं रांची के कांके में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
.jpg)