बिहार की कानून-व्यवस्था कितनी सख्त है, इसका अंदाजा सिर्फ इस बात से लगा सकत हैं कि प्रदेश में अब अपराधी पुलिस पर भी हमला करने से नहीं हिचकिचा रहे हैं. बीते कुछ महीनों से प्रदेश में पुलिस पर हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ताजा मामला कटिहार जिले से सामने आया है. यहां एक बार फिर से पुलिस पर हमले की घटना सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, पुलिस बिहार-बंगाल सीमा पर स्थित बलरामपुर थाना क्षेत्र में शराबियों को पकड़ने गई थी.
घटना सोमवार (16 फरवरी) की देर शाम की बताई जा रही है. दरअसल, पुलिस ने इन दिनों शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है. इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली थी कि बलरामपुर थाना क्षेत्र में अवैध तरीके से शराब पी और पिलाई जा रही है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक युवक को धर-दबोचा. जिसके बाद उसके परिजन पुलिस से उलझ गए. आरोपी के घर की महिलाएं पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने लगीं. स्थिति ऐसी हो गई कि पुलिस वाले महिला होने के नाते अपने को बचाने में लगे रहे.
आरोपी की बेटी ने पुलिस पर हमला किया
इस घटना को लेकर बलरामपुर थाना में प्रतिस्थापित शैलेश कुमार और वीरेंद्र यादव अपने पुलिस बल के साथ पियक्कड़ो की पकड़- धकड़ के लिए थानाध्यक्ष के निर्देश पर पकड़ने अभियान के लिए गए थे. इसी बीच बलरामपुर थाना क्षेत्र के पचड़ा गांव निवासी जंगली सिंह के बेटे महावीर सिंह को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. पुलिस जब आरोपी को लेकर थाना आ रही थी, तभी महवीर सिंह के बेटी ने भेलाई चौक पर पुलिस गाड़ी को रोक दिया.
4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस मौके पर महावीर सिंह की बेटी और दामाद सहित अन्य अज्ञात लोगों ने पुलिस के साथ बदसलूकी की. आरोपी की बेटी ने पुलिस अधिकारियों के साथ हाथापाई की सरकारी कार्यों में दखल देने लगी. इस घटना के बाद पुलिस ने सरकारी कार्यों में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने के मामले में बलरामपुर थाने में चार व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है. यह जानकारी मौखिक रूप से बलरामपुर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने दिया है.
