नवादा में बिहार माध्यमिक वार्षिक परीक्षा मैट्रिक शुरू होने से ठीक पहले जिला प्रशासन और पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. नगर थाना पुलिस ने पटेल नगर में छापेमारी कर विकास रंजन के मकान में किरायेदार नवीन कुमार (19 वर्ष), पुत्र शशिभूषण यादव (मूल निवासी मोरमा, रोह थाना) को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस को देखते ही उसके चार पांच साथी भाग गए.तलाशी में काला टैब (Airtel SIM), व्हाट्सएप चैट में कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड सॉफ्ट कॉपी, 165 पेज का सूक्ष्म प्रिंट गेस पेपर, SAFETYNET GSM स्पाई ब्लूटूथ बॉक्स (Jio SIM), ब्लूटूथ ईयरबड और बैटरी जब्त हुई. ये डिवाइस परीक्षा हॉल में चुपके से उत्तर सुनने देने के लिए इस्तेमाल होते हैं.
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप्स पर पैसा लेकर 'बेहतर अंक की गारंटी' देते थे. कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भी बरामद किया गया है. डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर नकल माफिया पर सख्ती बरती जा रही है. परीक्षा 17 से 25 फरवरी तक चलेगी.
नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह के द्वारा तुरंत ही सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है. अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है. यह कार्रवाई परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण कदम है.
