मधुबनी जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां छोटू सदाय की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई. प्रेम विवाह से नाराज लड़की के परिजनों पर हत्या का आरोप लगा है. प्रेमी युगल ने नेपाल भागकर शादी कर ली थी. ये पूरी घटना लदनियां थाना के बेलाही पंचायत के मनहरवा गांव की बताई जा रही है. लड़के के परिजनों की माने तो दस दिन पहले प्रेमी जोड़ा गांव से निकल गया था और शरहद पार पड़ोसी राष्ट्र नेपाल चला गया.
नेपाल में रचाई शादी
प्रेमी युगल नेपाल में ही शादी रचा ली. गांव के लोग इनकी खोज करते रहे, लेकिन कई दिनों तक पता नहीं चला. खोजते-खोजते लड़की के परिजनों ने दोनों को नेपाल से पकड़ लिया और दोनों को वापस घर लाने की कोशिश की, जब दोनों ने घर लौटने से इनकार कर दिया तो लड़की के परिजनों ने दोनों को रजामंदी से शादी करा देने की बात कहकर झांसा दिया और घर लेकर आ गए.
पुलिस को देख फरार हुए आरोपी
घर लाने के बाद लड़की वालों ने लड़के को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. पिटाई से युवक की रात में ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन पुलिस वाहन को देखते ही हत्या में शामिल लोग वहां से फरार हो गए. सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. बेटे की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. परिजन हत्यारे पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
