जहानाबाद शहर के बीचों-बीच स्थित पॉश इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक संदिग्ध हालत में एक युवक का शव बरामद हुआ. मोहल्ले में शव मिलने की सूचना आग की तरह फैल गई, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. घटना नगर थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी कॉलोनी की है. गुरुवार (26 फरवरी) की सुबह-सुबह मोहल्ले की महिलाएं अपने घरों का कचरा फेंकने के लिए निर्धारित स्थान पर पहुंचीं, जहां कचरे के ढेर के पास एक व्यक्ति को बेसुध पड़ा देख महिलाएं चीख पड़ीं. शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, तो पता चला कि एक व्यक्ति का शव पड़ा है.
मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं
स्थानीय लोगों ने बताया कि देखने से नहीं लगता है कि मृतक मोहल्ले या आसपास का है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह कहीं दूसरे जगह का रहने वाला है. वही, मोहल्ले वासियों के बीच मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं. कुछ लोगों का मानना है कि यह अत्यधिक शराब के सेवन या गिरकर हुई मौत का मामला हो सकता है, जबकि कुछ लोग हत्या कर शव को यहां फेंकने की आशंका जता रहे हैं. लोगों का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि व्यक्ति की मौत स्वाभाविक है या इसके पीछे कोई साजिश है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इधर घटना की जानकारी मिलते ही नगर थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाने की कोशिश की. इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि कृष्णापुरी कॉलोनी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है. मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है. पहचान स्थापित करने के लिए उसकी तस्वीर को सोशल मीडिया और अन्य थानों में प्रसारित किया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू से तफ्तीश कर रही है.
