वैशाली जिला में 2 मार्च, दिन रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया. यहां पर एक ही परिवार के चार लोगों की जहरीली गैस से दम घुटने के कारण मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है. यह हादसा सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव में हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, शौचालय टंकी के सोखता में एक व्यक्ति गिर गया था. उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर परिवार के अन्य सदस्य भी टंकी में उतरते गए, लेकिन अंदर भरी जहरीली गैस के कारण सभी का दम घुट गया और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान आनंद कुमार, राहुल कुमार और पंकज कुमार के रूप में हुई है, जो आपस में भाई थे. मृतक राहुल कुमार, आनंद कुमार का पुत्र था. इस हादसे में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सबसे मार्मिक पहलू यह है कि राहुल कुमार की शादी 24 फरवरी को हुई थी और शादी के महज एक सप्ताह के भीतर ही उसकी मौत हो गई. नवविवाहिता के सिर से सुहाग का साया उठने से गांव में मातम पसरा हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम रामबाबू बैठा और लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना सुरक्षा उपकरण के सेप्टिक टैंक या सोखता में न उतरें. फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है और पूरे गांव में शोक की लहर है.
