झारखंड विधानसभा को पेपरलेस करने के लिए नेशनल ई विधान एप्लिकेशन (नेवा) की शुरुआत झारखंड विधानसभा में की गई. इसका विधिवत उद्घाटन सीएम हेमंत सोरेन और विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने किया. सभी विधायकों को सीएम और विधानसभा अध्यक्ष ने टैब भी वितरित किया. इस मौके पर कई विधायक और मंत्री भी मौजूद रहे.
झारखंड विधानसभा के सेट्रल हॉल में भी 81 टैब लगा कर विधानसभा को डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है. इस एप्लीकेशन के तहत देश के सभी विधानसभा को एक प्लेटफार्म उपलब्ध करवाना है.
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने कहा कि अब झारखंड विधानसभा डिजिटल हो रहा है, देश के सभी विधासनभा अब एक प्लेटफार्म पर होगें. इस बजट सत्र से आंशिक रुप से डिजिटल व्यवस्था की शुरुआत हो रही है और आने वाले समय में झारखंड विधानसभा पूर्णतः पेपर लेस होगा.
इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड विधानसभा में एक नया अध्याय जुड़ा है. धीरे-धीरे झारखंड विधानसभा की कार्यवाही पूरी तरह से पेपरलेस और डिजिटल देखने को मिलेगा. बजट सत्र में भी देखने को मिलेगा. आज के दौर में हम अब मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं और ये अभिन्न अंग बन चुका है. मौजूदा आवश्यकता अनुसार खुद को ढाल कर देश दुनिया के साथ चलने का कार्य प्रारंभ किया है.
