गोड्डा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां देवर के साथ प्यार में अंधी पत्नी ने सुपारी देकर अपने पति की हत्या करवा दी. मामले में पुलिस ने पत्नी सहित दो गुनहगारों को गिरफ्तार किया है. पूरा मामला महगामा थाना क्षेत्र का है, जहां 27-28 जनवरी 2026 की रात मांगन पीपरा गांव निवासी अमित मोदी (32 साल) की धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था.
छोटे भाई ने रची मौत की साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक अमित मोदी की हत्या की साजिश उसके छोटे भाई रोहित मोदी और पत्नी सोनी देवी ने मिलकर रची थी. दोनों के बीच 5-6 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वे अमित की हत्या के बाद शादी करना चाहते थे. रोहित मोदी ने अपने गांव के मो. शाईन आलम को एक लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी. मो. शाईन ने पड़ोसी विजेंद्र पासवान उर्फ बिंदो को 25 हजार रुपए देकर इस कांड में सहयोग के लिए शामिल किया. योजना के तहत, दोनों ने घटना से एक सप्ताह पहले गंडासा खरीदा था. 27 जनवरी की रात शराब पिलाने के बहाने अमित मोदी को घर से बुलाया गया और फिर सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी मो. शाईन मृतक को उसकी पत्नी के सामने से ही घर से लेकर गया था.
मामले में पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से मृतक का मोबाइल फोन उसकी पत्नी ने अपने पास बंद कर छुपा लिया और बाद में गंगा स्नान के दौरान गंगा नदी में फेंक दिया. पुलिस ने इस मामले में मो.शाईन आलम 25 वर्ष विजेंद्र पासवान उर्फ बिंदो 35 वर्ष, पान दुकानदार की पत्नी सोनी देवी 30 वर्ष को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का गंडासा, घटनास्थल से ब्लड लगी मिट्टी, दो मोबाइल फोन और महुआ शराब जैसी तरल पदार्थ से भरी एक पारदर्शी प्लास्टिक बोतल जब्त की है.
