मधुबनी पुलिस ने अरशद का किया हाफ एनकाउंटर, पैर में गोली मार धर दबोचा

News Ranchi Mail
0

                                                                           


 मधुबनी पुलिस ने जयराम मंडल हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस की विशेष जांच दल (SIT) ने राजनगर थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी अरशद को हॉफ- एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया. अरशद, जो राजनगर थाना के गौसनगर गांव का निवासी है, लंबे समय से पुलिस की नजर में था और कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था. इस गिरफ्तारी को जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता के तौर पर देखा जा रहा है.

पुलिस को कुख्यात अरशद के ठिकाने के बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल एक टीम गठित कर घेराबंदी की गई. पुलिस के पहुंचते ही अरशद ने अपनी मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास किया, लेकिन जब उसने खुद को चारों तरफ से घिरा पाया तो उसने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें अरशद के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा.

पुलिस ने उसे तुरंत मौके पर ही दबोच लिया. हालांकि, मुठभेड़ के दौरान अरशद के साथ बाइक पर सवार दो अन्य अपराधी मौके से भागने में सफल रहे. पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक मोबाइल फोन, आठ कारतूस और कुछ खाली खोखे बरामद किए हैं.

मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने इस पूरे प्रकरण पर जानकारी देते हुए बताया कि जयराम मंडल की हत्या बाइक लूटने का विरोध करने पर गोली मारकर की गई थी. उन्होंने पुष्टि की कि इस जघन्य हत्याकांड में कुल पांच अपराधी शामिल थे, जिनमें से अरशद मुख्य आरोपी है. घायल अपराधी अरशद को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से स्वस्थ होने के बाद उसे विधिवत पुलिस हिरासत में लिया जाएगा.

एसपी ने यह भी बताया कि अरशद का एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कई अन्य मामलों में भी वांछित था. पुलिस अब फरार हुए अन्य अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चला रही है, ताकि इस पूरे आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके और उन्हें कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !