समस्तीपुर जिले में बच्चों के बीच स्कूल में हुए आपसी विवाद के बाद मामला हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. घटना के दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जहां लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे. इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों से कुल छह लोग घायल हो गए.
मामला दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के चकनवादा धुनिया टोल का बताया जा रहा है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान एक पक्ष की घायल महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान गांव निवासी मोहम्मद इमताज की 50 वर्षीय पत्नी तरसुम बेगम के रूप में की गई है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया.
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है. मृतका के भतीजे मोहम्मद औरंगजेब ने बताया कि उनके फूफा मोहम्मद इमताज का अपने ही पट्टीदार मोहम्मद कलाम उर्फ मुन्ना से विवाद हो गया था. बताया गया कि मोहम्मद इमताज का बेटा स्कूल गया हुआ था, जहां खेल के दौरान मोहम्मद कलाम के बेटे के साथ मारपीट हो गई. जब दोनों बच्चे स्कूल से घर लौटे और परिजनों को स्कूल में हुई मारपीट की जानकारी दी, तो बुधवार की दोपहर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. शाम होते-होते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और जमकर मारपीट हुई.
इस घटना में मोहम्मद इमताज के अलावा उनकी बुजुर्ग तरसुम बेगम समेत कुल छह लोग घायल हो गए. सभी घायलों को रात में इलाज के लिए दलसिंहसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तरसुम बेगम की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें समस्तीपुर रेफर किया गया. इलाज के दौरान गुरुवार सुबह तरसुम बेगम की मौत हो गई. वहीं, मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. इस दौरान एक बार फिर दोनों पक्षों के लोग घर पर जुट गए और हंगामा हुआ. घटना की जानकारी गांव के लोगों ने पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक शर्मा ने बताया कि पट्टीदारों के बीच बच्चों के विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे. इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि गुरुवार को घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई है. इसके बाद मामले को हत्या की धारा में परिवर्तित किया जाएगा. डीएसपी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. फिलहाल, सभी आरोपी फरार हैं, लेकिन जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी.
