सिंह मेंशन पर देर रात बमबाजी में बाल-बाल बचा परिवार, झरिया विधायक ने कहा- डराने की साजिश सफल नहीं होगी

News Ranchi Mail
0

                                                                          


धनबाद के चर्चित सिंह मेंशन पर रविवार (1 फरवरी) देर रात बम फेंके जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. घटना के समय पूर्व विधायक संजीव सिंह अपने परिवार के साथ आवास के बाहर बैठे थे. गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित अंदर चले गए, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ. सोमवार को मीडिया से बातचीत में संजीव सिंह ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे वे परिवार के साथ बाहर बैठे थे. जैसे ही वे घर के अंदर गए, उसी दौरान किसी ने विस्फोटक फेंक दिया. उसके बाद अचानक तेज रोशनी के साथ धूलनुमा पदार्थ फैल गया.

बाद में पता चला कि यह बम था. घटना की सूचना तत्काल जिले के एसएसपी को दी गई. सूचना पर सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया. दूसरी ओर, इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर एक लेटर वायरल हो रहा है. 

इस वायरल लेटर को लेकर संजीव सिंह ने कहा कि घटना के 15 सेकेंड के भीतर ही परिवार के सभी सदस्य गेट के बाहर आ गए थे लेकिन वहां किसी प्रकार की कोई चिट्ठी नहीं मिली. उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल लेटर की कोई पुष्टि नहीं है और पुलिस इसकी गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

वहीं, झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि बमबाजी अब सिर्फ एक घर की नहीं, बल्कि पूरे धनबाद जिले की समस्या बनती जा रही है. आए दिन ऐसी घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल बन रहा है. उन्होंने कहा कि बमबाजी कर डराने की कोशिश करने वालों की साजिश कभी सफल नहीं होगी. जनहित में काम करने वालों को इस तरह की हरकतों से रोका नहीं जा सकता. 

रागिनी सिंह ने यह भी कहा कि लंबे समय बाद संजीव सिंह धनबाद के मुद्दों पर सक्रिय हुए हैं. संभव है कि यह कुछ लोगों को खटक रहा हो. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की. घटना के संबंध में धनबाद के सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने बताया कि देर रात करीब 11:45 बजे सिंह मेंशन में अज्ञात अपराधियों द्वारा दो देशी बम फेंका गया एक आवास के बाहर और एक आवास के अंदर.

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला दहशत फैलाने का प्रतीत होता है. उन्होंने कहा यदि जानमाल को नुकसान पहुंचाने की मंशा होती तो विस्फोटक में और घातक सामग्री होती. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अलग-अलग स्थानों पर जांच की जा रही है. उन्होंने वायरल लेटर को लेकर कहा कि अप्रमाणित पत्र को अधिक तवज्जो देने की जरूरत नहीं है. यदि उसमें कोई सच्चाई होगी तो जांच में सामने आ जाएगी. मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी. घटना के बाद से सिंह मेंशन और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !