बेतिया में एक नवविवाहिता के माता पिता को दहेज में कार नहीं देना महंगा पड़ गया है. (22 मार्च) नवविवाहिता जब अपने ससुराल पहुंची तो वे मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर फरार हो गए. दहेज का यह अजीबोगरीब मामला मुफ्फसिल थाना अंतर्गत बरवत परसराइन का है. 10 मार्च 2025 को अंजी कुमारी की शादी सुजीत कुमार से हुई थी. घरवालों ने उस समय 15 लाख रुपए कैश दहेज में दिया था. इसके बाद भी ससुराल वालों ने अंजी कुमारी पर एक कार और सोने की सिकड़ी का दबाव बनाने लगे और अंजी कुमारी को प्रताड़ित करने लगे.
6 महीने बाद भी वापस नहीं बुलाया
शादी के 6 महीने बाद अंजी कुमारी के पिता सुभाष कुमार अपनी बेटी को विदा करा मायके ले गए. वहीं, 6 महीने बीत जाने पर भी ससुराल वालों ने विवाहिता को नहीं बुलाया. जब अंजी ने ससुराल जाने के लिए सास, ससुर और पति से बात की तो उन्होंने कहा कि कार और सिकड़ी के साथ ही आना. आज नवविवाहिता अंजी कुमारी बिना बताए अपने पिता के साथ अपने ससुराल पहुंच गई. बहू को दरवाजे पर आता देख सास, ससुर और अन्य दरवाजा पर ताला लगाकर फरार हो गए. दूसरी तरफ नवविवाहिता ससुराल में बंद घर के बाहर धरना देकर बैठ गई है.
घर का ताला बंद कर ससुराल वाले फरार
नवविवाहिता अंजी कुमारी ने आरोप लगाया है कि उसके पति इंजीनियर है. सास-ससुर और पति उसे 6 महीने से नहीं बुला रहे थे. कार और सोने की सिकड़ी की मांग कर रहे थे. मै आज बिना कार के ससुराल पहुंची, तो मुझे देखते ही ससुराल वाले दरवाजा बंद कर फरार हो गए हैं. विवाहिता के पिता सुभाष कुमार ने बताया कि अपनी बेटी की शादी एक साल पहले ही की थी. ससुराल वालों ने दहेज में कार के लिए प्रताड़ित किया तो उसे घर ले गया. 6 महीना से मेरी बेटी को ससुराल में नहीं बुलाया जा रहा है. आज मेरी बेटी जबरदस्ती अपने ससुराल आ गई है तो वे लोग ताला बंद कर फरार हो गए हैं. बता दें कि नवविवाहिता का मायका बरवत सेना गांव में है. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. वहीं, इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है.
