दानापुर में नशे पर सर्जिकल स्ट्राइक: करोड़ों की ब्राउन शुगर के साथ 2 कारोबारी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी का बेटा फरार

News Ranchi Mail
0

                                                                       


      

 राजधानी पटना में पुलिस ने नशा कारोबार करने पर शनिवार (14 मार्च) की देररात बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की. पुलिस ने दानापुर स्थित खगौल मे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ दो कारोबारियों को धर दबोचा. जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने खगौल के नैनचक को पानी टंकी के पास स्थित एक घर में छापेमारी करके लगभग 5 किलो अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है. यह ब्राउन शुगर कथित तौर पर कल्लू पासवान के घर से बरामद हुई है. पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी का बेटा पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया.

पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद ब्राउन शुगर की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये बताई जा रही है. इस बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है. बताया जा रहा है कि पटना पुलिस को लंबे समय से खगौल के नैनचक इलाके में अवैध ब्राउन शुगर के कारोबार की सूचना मिल रही थी. पुलिस को यह भी इनपुट मिला था कि कल्लू पासवान का घर इस अवैध कारोबार का मुख्य ठिकाना बना हुआ है. इसी गुप्त सूचना के आधार पर पटना पुलिस की स्पेशल टीम ने योजना बनाकर देर रात छापेमारी की. 

पुलिस टीम ने जब नैनचक स्थित कल्लू पासवान के घर को घेरा और तलाशी शुरू की, तो घर के अंदर से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई. जांच के दौरान लगभग 5 किलो ब्राउन शुगर जब्त की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर को तत्काल सील कर दिया, ताकि आगे की जांच में कोई सबूत नष्ट न हो सके. इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में कल्लू पासवान और उसके परिवार का एक सदस्य शामिल बताया जा रहा है. 

हालांकि, पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर दोनों आरोपियों की पहचान और उनके खिलाफ दर्ज धाराओं की विस्तृत जानकारी देने से बच रही है. वहीं, कल्लू पासवान का बेटा पुलिस की कार्रवाई की भनक मिलते ही मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पटना एसएसपी सहित दानापुर के एएसपी और अन्य पुलिस अधिकारी खगौल थाना क्षेत्र के नैनचक पहुंचे और पूरे मामले की जांच की. फिलहाल जांच की बात बताते हुए इस मामले में पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !