वैशाली जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है. घटना लालगंज इलाके की है, जहां तारा चौक के पास घात लगाकर बैठे बदमाशों ने बाइक सवार युवक को निशाना बनाया. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बदमाश बाइक, कैमरा और पैसे लूटकर फरार हो गए. मामला वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के कर्ताहा थाना इलाके के तारा चौक का है.
बताया जा रहा है कि बाइक से जा रहे युवक को पहले से घात लगाए अपराधियों ने रोक लिया और गोली मार दी. गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा. गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
डॉक्टरों ने युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई है. घायल युवक की पहचान राजापाकर थाना क्षेत्र के रहने वाले शिव बालक कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गोपाल मंडल, इंस्पेक्टर और दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
हाल के दिनों में वैशाली में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. रात के समय लूट और गोलीबारी की वारदात से पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इन अपराधियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है.
