राजधानी पटना के बिहटा इलाके से एक छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. छात्रा लाइब्रेरी क्लास करने के लिए घर से निकली थी, लेकिन क्लास खत्म होने के बाद वह वापस घर नहीं लौटी. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने अपहरण की आशंका जताते हुए बिहटा थाना में मामला दर्ज कराया. घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि छात्रा का कोई सुराग मिल सके.
लाइब्रेरी क्लास के लिए गई थी छात्रा
परिजनों के अनुसार, छात्रा 11 मार्च की सुबह करीब 8 बजे रोज की तरह लाइब्रेरी क्लास करने के लिए घर से निकली थी. वह बिहटा के श्रीरामपुर टोला स्थित रविदास मंदिर के पीछे वाली गली में पढ़ाई करने जाती थी. रोजाना की तरह वह सुबह घर से निकली, लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटी. इसके बाद परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी.
फोन पर बहन को बताया था कि दो लड़के कर रहे थे पीछा
परिजनों ने बताया कि छात्रा ने घर लौटते समय अपनी बहन को फोन किया था और कहा था कि दो लड़के उसका पीछा कर रहे हैं. इसके कुछ देर बाद ही उसका मोबाइल फोन बंद हो गया. इसके बाद से उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया. इस घटना के बाद परिवार के लोगों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है.
पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का मामला, जांच जारी
इस मामले में छात्रा की मां लक्ष्मीना देवी, पति राम ईश्वर शर्मा ने बिहटा थाना में लिखित आवेदन देकर अपहरण की आशंका जताई है. दानापुर एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. छात्रा का पता लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है.
