बगहा पुलिस ने जिले में हुए एक सनसनीखेज डबल मर्डर केस के सिलसिले में सोमवार देर रात दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस गिरफ्त में आये आरोपी रामपुर बगीचा टोला के रामू मुसहर और उत्तर प्रदेश के कुशीनगर महादेवा के रहने वाले जितेंद्र निषाद उर्फ जीतन मुखिया ने एक नाबालिग लड़की और उसके साथी की हत्या करने और समाज में बदनामी से बचने के लिए इसे आत्महत्या का रूप देने की बात कबूल किया है.
बताया जा रहा है कि प्रेम-प्रसंग में अपहरण के बाद डबल मर्डर का यह मामला 14 सितंबर, 2025 का है, जब लौकरिया थाना क्षेत्र स्थित रामपुर बगीचा टोला के रहने वाले मदन बीन ने एफआईआर दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को किडनैप कर लिया गया है. उसने शिकायत में अखिलेश यादव समेत उसी गांव के 8 लोगों का नाम लिया था. इसके बाद अखिलेश की मां ने लड़की के परिवार पर अपने बेटे को किडनैप करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में जवाबी शिकायत दर्ज कराई थी. लिहाजा, लगभग चार महीने बाद 22 जनवरी, 2026 को पास के मदनपुर जंगल इलाके में जलावन की लकड़ी इकट्ठा करने गए गांव वालों को एक पेड़ से दो लाशें लटकी हुई मिलीं. बाद में मरने वालों की पहचान लापता जोड़े नाबालिग और अखिलेश यादव के रूप में की गईं.
इस सम्बन्ध में एसपी रामानंद कौशल नें बताया कि जांच के दौरान पुलिस को यह पता चला कि दोनों रिलेशनशिप में थे, जिसका लड़की के पिता ने विरोध किया, क्योंकि उन्हें समाज में बदनामी का डर था. पुलिस ने कहा कि मदन बीन ने अपने साथी रामू मुसहर और दूसरे रिश्तेदारों के साथ मिलकर कपल को खत्म करने की साजिश रची.
8 सितंबर, 2025 को लड़की को पत्ते और लकड़ी इकट्ठा करने के बहाने जंगल में ले जाया गया. बाद में मुसहर के मोबाइल फोन से किए गए एक फोन कॉल के जरिए अखिलेश को उसी जगह पर बुलाकर फुसलाया गया. आगे बताया गया है कि आरोपियों ने अखिलेश को एक सुसाइड नोट लिखने के लिए मजबूर किया, जिसे बाद में उसने अपने मोबाइल कवर के पीछे छिपा दिया. इस नाटकीय डबल मर्डर के बाद आरोपियों ने लड़की की हत्या कर दी और अखिलेश का गला घोंट दिया, फिर दोनों शवों को रस्सियों के सहारे पेड़ से लटका दिया, ताकि यह सुसाइड का मामला लगे.
बगहा एसपी रामानंद कौशल ने कहा कि जांच के दौरान मिले टेक्निकल सबूतों के आधार पर 30 मार्च, 2026 को दोनों आरोपियों की गिरफ्तारियां की गईं हैं. जो आरोपी अभी भी फरार हैं, उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से छापेमारी की जा रही है.
