एक लड़की और दो लड़के...फिर हुई तकरार और विवेक को मार दी गोली, वैशाली में सनसनीखेज वारदात

News Ranchi Mail
0

                                                                   


वैशाली जिले के करताहा थाना क्षेत्र के घटारो गांव में बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मिली जानकारी के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. लोगों की भीड़ जुटती देख बदमाश मौके से फरार हो गए. 

इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. घायल युवक को पहले इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर ले जाया गया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर के एक निजी नर्सिंग होम में रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है.

घायल युवक की पहचान घटारो गांव के गया सिंह टोला निवासी स्वर्गीय विनय सिंह के 20 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, विवेक कुमार और गांव के ही एक युवक के बीच एक लड़की को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था. आशंका जताई जा रही है कि इसी आपसी विवाद में युवक को गोली मारी गई है. 

बताया जा रहा है कि गोली युवक के दाहिने हाथ को छूते हुए सीने में जाकर फंस गई, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

इस मामले में सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल ने बताया कि आपसी विवाद में गोली मारने की घटना सामने आई है. युवक का इलाज चल रहा है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !