जमुई में नमाज पढ़कर लौट रहे 4 लोगों को मार दी गई गोली, जखरा गांव में तनाव

News Ranchi Mail
0

                                                                     


   

जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जखरा गांव में रविवार की देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया. मस्जिद से नमाज पढ़कर बाहर निकलते ही घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी, जिसमें तीन युवक और एक 17 वर्षीय बालक समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे नमाज के बाद मस्जिद से बाहर निकल रहे लोगों पर आरोपितों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई गईं. गोली लगने से जखरा गांव निवासी मकसूद खान के पुत्र नुमान खान, दाबर खान उर्फ मोफिज खान, अलीम खान के पुत्र अरमान खान और रियाजकला खान के पुत्र अरबाज खान (17 वर्ष) घायल हो गए. सभी को छाती, गर्दन और कंधे में गोली लगी है, जबकि अरमान खान को गोली छूते हुए निकल गई.

घटना के बाद परिजनों ने सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल जमुई रेफर किया गया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सभी घायलों को पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया.

छह महीने पुराना विवाद बना गोलीबारी की वजह

घायल के परिजनों के अनुसार, करीब छह महीने पहले खेत में मवेशी चराने को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसका मामला अभी न्यायालय में चल रहा है. उसी पुरानी रंजिश में आरोपितों ने मस्जिद के पास पहले से घात लगाकर हमला किया.

जानकारी के मुताबिक सितंबर 2025 में एहसान खान और रिजवान खान उर्फ नाटो के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था. रविवार को विवाद फिर बढ़ा और गोलीबारी तक पहुंच गया.

रमजान के महीने में घटना से बढ़ी संवेदनशीलता

रमजान के पाक महीने में नमाज के बाद मस्जिद के पास हुई इस गोलीबारी की घटना से इलाके में खासा तनाव और आक्रोश का माहौल है. धार्मिक माहौल के बीच हुई इस वारदात को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है.

इन लोगों पर लगा आरोप

परिजनों ने रिजवान खान उर्फ नाटो, उनके पुत्र नुमान खान, गुफरान खान, अब्दुल्लाह खान और शमीम खान पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए.

पुलिस जांच में जुटी, गांव में पुलिस बल तैनात

सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. एसडीपीओ सतीश सुमन, थानाध्यक्ष विकास कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान गांव में तैनात हैं.

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है. सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. वहीं, घटना के बाद जखरा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !