बिहार में इन दिनों अपराधियों के हौसले काफी बढ़े हुए नजर आ रहे हैं. ताजा मामला राजधानी पटना से सामने आया है. यहां फसल काटने के दौरान हुए विवाद में हुई गोलीबारी से पूरा इलाका धर्रा उठा. घटना दानापुर अनुमंडल अंतर्गत मनेर थाना क्षेत्र के दरवेशपुर दियारा की बताई जा रहा है. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने हार्वेस्टर चालक से सवा लाख रुपये और तीन मोबाइल लूट लिए तथा विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इसमें 5 लोग जख्मी हुए है. जिन्हें इलाज के लकए PMCH भेजा गया है. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
बताया जाता है कि दरवेशपुर दियारा में हार्वेस्टर से फसल कटाई का काम चल रहा था. इसी दौरान देर रात हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और हार्वेस्टर चालक से करीब 1.25 लाख रुपये और तीन मोबाइल फोन छीन लिए. जब चालक और मजदूरों ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग में हार्वेस्टर चालक रंजीत समेत मजदूर हंसराज, विष्णु राय, विश्राम राय और रमेश घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए पटना के PMCH अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने घटना के दौरान हार्वेस्टर और उसके चक्के पर भी गोली चला दी. तेल टैंकर को भी निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि घटना के समय हार्वेस्टर चालक और मजदूर सो रहे थे, तभी अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से 8 खोखा बरामद किया है. हार्वेस्टर के मालिक पंकज सिंह ने मनेर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में पांच नामजद समेत 20 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. नामजद में निपेन्दर, मृत्युंजय, अखिलेश, संजय और धर्मेंद्र शामिल हैं.
पुलिस ने छापेमारी के दौरान निपेंद्र के दियारा स्थित झोपड़ी से एक राइफल, एक कट्टा, आठ गोली और एक मैगजीन बरामद की है. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इस गोलीबारी की घटना के बाद दरवेशपुर दियारा का माहौल पूरी तरह दहशत में है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
हार्वेस्टर मलिक पंकज कुमार ने बताया कि गौरैया स्थान निवासी अनिल मुखिया के खेत में काम से हार्वेस्टर लेकर के आए थे और रात में सोए हुए थे इस दौरान हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया जिसमें पांच लोग घायल हुए हैं हार्वेस्टर को क्षति पहुंचाने का कार्य किया गया.
