शिवहर जिले में एक सप्ताह पहले गायब हुई नाबालिग लड़की का शव गेहूं के खेत से बरामद किया गया है. शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. यह घटना तरियानी थाना क्षेत्र के मंगुराहां गांव की है. मृतका की पहचान मंगुराहां गांव निवासी मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है. मृतका कक्षा सातवीं की छात्रा बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि 7 मार्च को मुस्कान कुमारी अपनी सहेलियों के साथ गांव के बगीचे में खेलने गई थी. इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो 10 मार्च को उसकी मां चंद्रमा देवी ने तरियानी थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर अपहरण करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
सोमवार (16 मार्च) की दोपहर गांव के स्थित गेहूं के खेत में मुस्कान का सड़ा-गला शव दिखाई दिया. जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. ग्रामीणों के अनुसार शव काफी सड़-गल चुका था और उसे जानवरों ने भी नोच खाया था, जिससे शव के कुछ हिस्से अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले. घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
आशंका जताई जा रही है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है. मुस्कान गांव के ही एक स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा थी. बेटी का शव मिलने के बाद मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले की छानबीन में जुट गई है. उधर जिले में अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर एसपी शुभांक मिश्रा ने जिले के पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी का आयोजन किया.
इस दौरान जिले के सभी थानाध्यक्षों को आदेश दिया गया कि थाना पर आने वाले पीड़ितों से अच्छा व्यवहार करें और उनकी परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए उनकी समस्याओं को तत्काल निवारण का प्रयास करें. इसके साथ ही लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाया जाए ताकि दोषियों पर जल्द कार्रवाई हो सके.
