मोकामा थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड पर बुधवार को तब खलबली मच गई, जब छापेमारी में एक प्रतिष्ठित होटल के अंदर चल रहे अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ. बाढ़ एसडीओ (SDO) गरिमा लोहिया और एसडीपीओ (SDPO-1) आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में कई प्रेमी जोड़ों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया है.
गैस सिलेंडर की जांच से शुरू हुआ 'ऑपरेशन'
बताया जा रहा है कि प्रशासन की टीम होटलों और रेस्टोरेंट्स में अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे घरेलू गैस सिलेंडरों के खिलाफ अभियान चलाने के क्रम में बुधवार को स्टेशन रोड स्थित एक होटल में घुसी. अंदर का नजारा देखकर अधिकारी दंग रह गए. होटल के अंदर बनाए गए कई गुप्त कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए.
होटल के 5 कमरे सील, मालिक गिरफ्तार
एसडीपीओ आनंद कुमार सिंह ने होटल के 5 कमरों को सील करने का आदेश दिया. पुलिस ने मौके से कई प्रेमी जोड़ों के साथ-साथ होटल मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि यह होटल लंबे समय से इस तरह की अनैतिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बना हुआ था.
प्रशासन की सख्त चेतावनी
एसडीपीओ आनंद कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और होटल के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि हम घरेलू सिलेंडरों के अवैध कमर्शियल इस्तेमाल की जांच के लिए निकले थे, लेकिन यहां होटल के कमरों में आपत्तिजनक गतिविधियां पाई गईं. हमने 5 कमरों को सील कर दिया है और होटल मालिक समेत सभी संबंधित लोगों को हिरासत में लिया है. कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा.
